ब्यूरो/ऋषिकेश। आबकारी विभाग की टीम ने चंद्रेश्वरनगर में मुखबिर की सूचना पर छापा मारते हुए एक महिला के घर से देसी शराब की 50 पेटी बरामद की हैं। आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद को मुुखबिर की सूचना मिली कि चंद्रेश्वरनगर में एक घर से देसी शराब बेची जा रही है। उन्होंने टीम के साथ संबंधित घर पर छापा मारा। इस दौरान टीम को घर की तलाशी में एक भूमिगत गोदाम मिला। टीम को गोदाम की तलाशी में देसी शराब की 50 पेटी मिली।
आरोपी महिला की पहचान शांति देवी पत्नी मुन्ना सिंह निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। निरीक्षक भरत प्रसाद ने बताया कि चंद्रेश्वरनगर और चंद्रभागा इलाके में शराब के अवैध कारोबार की सूचना लगातार मुखबिर से मिल रही थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर ने एक घर में भूमिगत गोदाम में शराब की खेप होने की सूचना दी। सूचना के आधार पर छापा मारा गया। टीम में वीके जोशी, वीएस नेगी, देवानंद वेदवाल, मोहन सिंह, नवीन नौटियाल, विनीता बिष्ट, दीपक भट्ट, इस्तुखार हसन आदि शामिल थे।
रायवाला में पकड़ी महिला शराब तस्कर
ऋषिकेश। रायवाला पुलिस ने देसी शराब की तस्करी में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से देसी शराब के साथ 48 पव्वे बरामद किए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी के मुताबिक महिला की पहचान रोमा पत्नी दीपचंद निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। महिला को अपराह्न करीब चार बजे वैदिक नगर के समीप से पकड़ा गया। बताया कि उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकत कर लिया गया है।