ब्यूरो/ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोनीपत हरियाणा के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनसे राजस्थान और मुजफ्फरनगर से चोरी की गई दो कारें बरामद की हैं, जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक हैं, जिनसे कार चोरी में प्रयोग किए जाने वाले उपकरण भी पुलिस को मिले हैं। कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े दो चोरों और अनके साथियों पर विभिन्न राज्यों में चोरी के करीब 18 मुकदमें दर्ज हैं। बताया गया कि आरोपियों पर पानीपत में चार, चांदनी बाग में 10, पानीपत के मॉडल टाउन थाने में 4 वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों का और आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
एसपी ग्रामीण सरिता डोभाल ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह की धरपकड़ को लेकर प्रेसवार्ता की। बताया कि बीते बुधवार की रात पुलिस को मुखबिर से चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड के समीप निर्माणाधीन हिमालयन म्यूजियम के पास चार लोगों के चोरी की कार के साथ खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दो लोगों को मय कार के पकड़ लिया, जबकि दो युवक फरार होने में कामयाब हो गए।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में ब्रेजा कार को बीती तीन मार्च को राजस्थान स्थित भरतपुर से चोरी करना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर से चोरी की गई स्विफ्ट कार को भी हरिद्वार में कच्ची पार्किंग से बरामद कर लिया। बताया कि आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम कलाणा, थाना गन्नौर, जिला सोनीपत, हरियाणा व सोमवीर पुत्र करमवीर निवासी ग्राम सामड़ी, तहसील गुहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
आरोपियों से दो कारों के अलावा चौपहिया वाहन खोलने व स्टार्ट करने की चाबी, चुंबक, स्केनर आदि उपकरण बरामद हुए हैं। बताया कि फरार आरोपियों और अन्य कारों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई अमरजीत सिंह, एसआई राजेश सिंह, दीपक तिवारी, संदीप कुमार, संदीप कुमार, कांस्टेबल रविंद्र टम्टा, विनय शर्मा, अमित, विकास मलिक, नवनीत सिंह नेगी, मनोज कुमार, देवेंद्र चौधरी, संदीप राठी, संदीप छाबड़ी, शशिकांत, अतुल चौहान, आजाद, सचिन नरेश, कमल जोशी, अनिल आदि शामिल थे।
हरिद्वार और सहसपुर से भी की है कारें चोरी
वाहन चोर गैंग के सदस्यों ने पूर्व में 14 फरवरी की रात को ऋषिकेश से इनोवा कार और इसी माह सहसपुर से एक कार व हरिद्वार से तीन कार चोरी की हैं। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को इसकी जानकारी दी। उन्हें कारों से संबंधित सभी जानकारी है, जिसे वह चोरी की वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल करते थे।
ऋषिकेश से चोरी हुई कार नहीं हुई बरामद
शहर में 14 फरवरी की रात को चोरी हुई इनोवा कार पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। हालांकि, पुलिस ने राजस्थान और यूपी से चोरी हुई दो कारों को जरूर बरामद कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि इनोवा कार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही फरार दो आरोपियों और इनोवा कार को बरामद कर लिया जाएगा।