ब्यूरो/अमर उजाला /ऋषिकेश।
रोडवेज बस से चंडीगढ़ से ऋषिकेश आ रहे एक युवक को जहरखुरानों ने शिकार बनाकर नकदी और कीमती सामान पार कर दिया। बस अड्डे पर बेहोशी की हालत में मिले युवक को एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां होश आने पर युवक ने आपबीती बताई। कोतवाली के उपनिरीक्षक राजेश सिंह के अनुसार मैंखुड़ी, श्रीनगर निवासी विजय पुत्र परशुराम चंडीगढ़ में होटल में काम करता है और छुट्टी लेकर घर आ रहा था। हरिद्वार पहुंचने पर बस में बैठे एक युवक ने विजय को समोसा खाने के लिए दिया था। समोसा खाने के बाद विजय बेहोश हो गया। इसी बीच विजय के रुपये और सामान चोरी हो गया। पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।