ब्यूरो/श्यामपुर। आईडीपीएल में आयकर विभाग कार्यालय के समीप गुलदार दिखने से हड़कंप मच गया। उस दौरान निकट ही खेल मैदान में बच्चे खेल रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने परिसर में गुलदार के दिखाई देने की सूचना वन विभाग को भी दी। बीते शुक्रवार शाम एक गुलदार आयकर विभाग कार्यालय के पीछे खेल मैदान के समीप देखा गया। इस बीच गुलदार दिखने पर बच्चों ने हो हल्ला मचाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसके बाद गुलदार सड़क पार करते हुए आईडीपीएल के महाप्रबंधक आवास के समीप जंगल में चला गया। भाजपा नेता रविंद्र राणा ने बताया कि जिस दौरान गुलदार दिखाई दिया उस दौरान वह आईडीपीएल क्षेत्र से गुजर रहे थे।
बताया कि गुलदार दिखने पर उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल में गुलदार और उसकेे बच्चे अक्सर देखे जाते हैं। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर गुलदार के दिखने से लोगों पर हमले की आशंका बढ़ गई है। कहा कि अक्सर लोग यहां से होकर हाट बाजार जाते हैं। आशंका जताई कि ऐसे में रात के समय कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले गुलदार कृष्णानगर कॉलोनी के आसपास देखा जा रहा था। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।