ब्यूरो/अमर उजाला, सेलाकुई। सहसपुर पुलिस ने जिला बदर की अवधि समाप्त होने से पहले ही वापस लौटने पर जिला बदर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिलाधिकारी के आदेश पर साल छह दिसंबर को मुशर्रफ उर्फ काला पुत्र अख्तर निवासी खुशहालपुर को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया था। उसे पुलिस ने यूपी के सहारनपुर की सीमा में छोड़ा था। पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त मुशर्रफ जिला बदर की अवधि पूर्ण होने से पहले ही जिले की सीमा में प्रवेश कर किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में है। जिस पर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की। वह मंगलवार की सुबह खुशहालपुर गांव के समीप मिला। जिस पर उसे गिरफ्तार कर गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष नरेश कुमार राठौड़ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सहसपुर थाने में गौवंश संरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गोवध और गैंबलिंग एक्ट के आठ मुकदमे दर्ज हैं।