गुमानीवाला में चोरी का फरार आरोपी दबोचा
-- 26 नवंबर को मोबाइल शॉप में साथियों के साथ मिलकर की थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने बीते 26 नवंबर को गुमानीवाला की मोबाइल शॉप में चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुकान से चोरी किया गया लेफ्टॉप बरामद किया है। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी ने बताया कि आरोपी विपिन प्रसाद पुत्र जसराम उपाध्याय निवासी तारंड आश्रम, हरिद्वार मूल निवासी नेपाल को हरिद्वार स्थित सर्वानंद घाट से गिरफ्तार किया गया। बताया कि आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पवन कुमार नरवानी की मोबाइल शॉप से लेफ्टॉप और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया था, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों गुलजार और करन सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि विपिन फरार चल रहा था। बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस टीम में श्यामपुर चौकी प्रभारी संदीप कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, सुबोध कुमार, देवेंद्र चौधरी आदि शामिल थे।