रामनगर (नैनीताल)। मोहल्ला आदर्शनगर से 20 दिन से लापता दोनों बहनें सकुशल बरामद कर ली गईं। शक्तिनगर पूछड़ी क्षेत्र की दोनों बहनें 25 नवंबर को कोचिंग पढ़ाने के बहाने घर से निकलीं लेकिन तब से नहीं लौटी। छात्राओं के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर दोनों बेटियों को खोजने की गुहार लगाई थी। एसआई गगनदीप ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दोनों छात्राओं को बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया। शुक्रवार को दोनों छात्राओं को सिविल जज सीनियर डिविजन गीता चौहान की कोर्ट में पेश किया गया। जहां धारा 164 के तहत बयान दर्ज हुए। इसके बाद छात्राओं को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। छात्राओं ने बताया कि पिताजी ने उनसे कोचिंग जाने से मना कर दिया था। इससे नाराज होकर वह घूमने चली गईं थीं। उन्होंने बताया कि वह दोनों बहनें चार दिन हल्द्वानी, 12 दिन काशीपुर रहीं।