गोपेश्वर। थाना गोपेश्वर पुलिस और पुलिस की निर्भीक यूनिट ने संयुक्त रूप से शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
चमोली-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर पोखरी बैंड के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस ने नेपाल निवासी पृथ्वी जनबम से 213.02 किलोग्राम शिलाजीत बरामद की। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, थाना गोपेश्वर पुलिस जीरो बैंड के पास एक किलो पचास ग्राम अवैध चरस के साथ रामप्रसाद निवासी रामकोला गोरखपुर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गोपेश्वर को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद माल को वे बेचने के लिए जिले से बाहर ले जा रहे थे। एसपी ने पुलिस टीम को इस कार्य के लिए ढाई हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कुंदन राम, निर्भीक पुलिस यूनिट के प्रभारी उप निरीक्षक अनिरुद्ध मैठाणी, सुरेश चंद्र, धनपाल, प्रदीप, अरुण और धीरेंद्र शामिल थे।