सड़क हादसे में सब इंस्पेक्टर की मौत
-- परिवार के साथ हरिद्वार घूमने जा रहे थे दारोगा, पत्नी, सास व ड्राइवर भी हुए जख्मी
-- भानियावाला-नुन्नावाला हरिद्वार हाइवे पर जेसीबी से हुई कार की टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। जेसीबी मशीन और कार की टक्कर होने से उत्तराखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि कार चालक व सब इंस्पेक्टर के परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक हुकुम सिंह उत्तराखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। वर्तमान में थाना धरासूं जिला उत्तरकाशी में तैनात थे। वह निजी काम से परिवार के साथ हरिद्वार जा रहे थे। घटना के बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया है।
रविवार को सुबह दस बजे के आसपास हादसा भानियावाला-नुन्नावाला हरिद्वार हाईवे के पास हुआ। घटनाक्रम के अनुसार कार भानियावाला नुन्नावाला से होते हुए हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी बीच नुन्नावाला हाईवे पर जेसीबी मशीन एक गली से एकाएक हाईवे पर आ गई। इससे पहले कार चालक कुछ समझ पाता कार जेसीबी से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण हुई कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होने पर कार चालक राजेश 45 पुत्र स्व बुद्ध सिंह निवासी घमंडपुर रानीपोखरी, हुकुम सिंह रौथाण 58 पुत्र स्व. गोविंद सिंह रौथाण निवासी गली नंबर 12 आदर्शनगर जौलीग्रांट थाना डोईवाला, उनकी पत्नी मीरा देवी 54 और उनकी सास सतेश्वरी देवी 72 पत्नि कृपाल सिंह गुसांई घायल हो गए। मौके पर आई पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी मंजुल रावत ने बताया कि उपचार के दौरान हुकुम सिंह रौथाण की मौत हो गई।