------------------
पोल से टकरा कर ट्रेन सवार युवक की मौत
-- हरिद्वार से देहरादून जा रहा था बरेली निवासी राहुल
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। रायवाला में ट्रेन सवार एक युवक की ट्रैक के किनारे रेलवे के पोल से टकराने से मौत हो गई। रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक ट्रेन से देहरादून जा रहा 35 वर्षीय युवक शनिवार सुबह पौने दस बजे मोतीचूर रेंज के जंगल में ट्रैक किनारे पोल से टकरा कर नीचे गया। चेहरे पर गंभीर चोटें लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया कि मृतक की जेब से मिले आईडी प्रूफ के आधार पर उसकी पहचान राहुल कश्यप पुत्र अतर सिंह कश्यप निवासी मोहल्ला नेकनगर, गणेशनगर, बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उपनिरीक्षक विक्रम नेगी ने बताया कि राहुल कश्यप प्रथम दृष्ट्या खिड़की पर बैठा होगा। इसी दौरान वह नींद के झोंके में रेलवे के पोल नंबर -41 से टकरा गया। बताया कि मृतक मजदूरी का काम करता था। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि मृतक के परिजनों को भी इस बाबत सूचित कर दिया गया है।