अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सात घंटे तक चले सर्च के बाद पुलिस ने जीआईजी मार्ट मॉल से छह कंप्यूटर, दो पेन ड्राइव, निवेश, किटी सहित प्रॉपर्टी एवं बैंकों के दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क को फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर ली गई है। चार बैंक शाखाओं के प्रबंधकों से भी खातों में जमा रकम का ब्योरा जानने के लिए पत्र भेजे गए हैं। इधर, जीआईजी मार्ट पर अब भी पुलिस बल तैनात है।
बृहस्पतिवार शाम करीब आठ बजे कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने आठ बजे जीआईजी मार्ट मॉल में एंट्री की थी। सीओ सिटी प्रकाश देवली, कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी की अगुवाई में किटी संचालक दंपति सविंदर एवं निशि के मार्ट कैंपस में बने कार्यालय को खंगालने का कार्य शुरू हुआ। देर रात करीब तीन बजे तक चली पड़ताल के बाद पुलिस ने कई अहम सुराग मिलने का दावा किया। कैंपस में मिले छह कंप्यूटर कब्जे में ले लिए गए है, उन सभी में किटी से संबंधी जानकारी फीड है। दो पेन ड्राइव मिली है। उनमें चार्टड एकाउंट की स्लिप लगी है। उन पेन ड्राइव में आर्थिक स्थिति से लेकर किटी संबंधी ब्योरा होने की संभावना है। किटी सहित प्रॉपर्टी एवं बैंक खातों से संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी की मानें तो दंपति के एक्सिस, पंजाब नेशल बैँक , आईडीबीआई, आईसीआईसीआई और संविदर के पिता का भी आईसीआईसीआई बैंक शाखा में खाते हैं। उन खातों में जमा रकम की जानकारी लेने के लिए प्रबंधकों को पत्र भेजे गए हैं। संपत्ति संबंधी जानकारी भी जुटा रहे हैं। कब्जे में लिए गए कंप्यूटरों एवं लैपटॉप की हार्ड डिस्क फोरेंसिक जांच के लिए भेजी जाएंगी ताकि किटी संबंधी जानकारी मिल सके।