हरिद्वार। कनखल के गांव जमालपुर कलां में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि बुजुर्ग की हत्या होने की सूचना पर पुलिस हलकान रही। घटना सोमवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।
गांव जमालपुर कलां निवासी यासीन (52) पुत्र समीरा का बेटा- बेटी आपस में झगड़ रहे थे। बुजुर्ग उनका बीच बचाव करने लगा, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए। इसी दौरान बुजुर्ग अचानक नीचे गिर गया। परिजन आनन- फानन में उसे ज्वालापुर क्षेत्र के एक अस्पताल में ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, पुलिस को सूचना दे दी गई कि बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। सूचना पर जगजीतपुर चौकी प्रभारी डीपी काला मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पूछताछ में बेटा- बेटी के विवाद के दौरान बुजुर्ग के अचानक नीचे गिरने की बात बताई। चौकी प्रभारी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया पूछताछ में बुजुर्ग की अचानक मौत होने की बात सामने आई है। ब्यूरो