दो बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने भैंस खरीदने जा रहे देवर-भाभी से 43 हजार रुपये नकदी और जेवर लूट लिए। विरोध करने पर देवर को गोली मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है।
सहसवान कोवताली के गांव बहाबलपुर निवासी 32 वर्षीय नन्हे पुत्र कासिम अली, भाभी उमा पत्नी मौसम अली के साथ बाइक से भैंस खरीदने हरी नगला गांव जा रहा था। नन्हे के पास 43 हजार रुपये थे। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही नन्हे की बाइक सुल्तानपुर गांव के जंगल के पास पहुंची। पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर नन्हे से 43 हजार रुपये उसकी भाभी उमा से सोने के कुंडल और चांदी की पायजेब लूट लीं। विरोध करने पर बदमाशों ने उमा को पीटा और उसे गोली मार दी। इसके बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए बाइक से भाग निकले। नन्हे ने सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां से नन्हे को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। देर शाम तक मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। दिन-दहाड़े देवर-भाभी से लूट की वारदात के बाद इलाके में दहशत है।