फर्जी दस्तावेज बनाकर बेचा प्लाट
-- गाजियाबाद के युवक से 22 लाख की धोखाधड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। डोईवाला निवासी दो युवकों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर गाजियाबाद के एक युवक के नाम रानीपोखरी में जमीन की रजिस्ट्री करा दी। आरोपियों ने इसकी एवज में उससे 22 लाख रुपये की रकम भी हड़प ली। धोखे का पता चलने पर जब युवक राजीव ने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उससे गाली-ग्लौच की और जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना रानीपोखरी पुलिस के मुताबिक भरत बिलवाल पुत्र रामचंद्र बिलवाल निवासी कोठारी मोहल्ला, डोईवाला, देहरादून ने अपने साथी सतीश पुत्र छोटे राम निवासी अठूरवाला, डोईवाला, देहरादून के साथ मिलकर रानीपोखरी स्थित नागाघेर में एक 450 वर्ग गज भूखंड के फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
फरवरी 2015 में सतीश ने खेमचंद बनकर गाजियाबाद स्थित मास्टर कॉलोनी निवासी पीड़ित राजीव कुमार शर्मा पुत्र जनार्दन शर्मा के नाम प्लॉट की रजिस्ट्री करा दी। प्लाट के एवज में राजीव से 22 लाख पांच हजार रुपये की रकम ली। जब राजीव नागाघेर में प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचा, तो उसे फर्जीवाड़े का पता चला। बीते मंगलवार को भुक्तभोगी ने रानीपोखरी पुलिस को दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार दोपहर को थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट चौक से गिरफ्तार कर लिया। रौतेला ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए गठित टीम में एसआई प्रताप सिंह, कांस्टेबल दिनेश चौहान, चैनपाल, राजाराम डोभाल, अनिरुद्ध, सचिन राणा आदि शामिल थे।