वाहन की टक्कर से युवक की मौत
--ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर डांडी शनि मंदिर के निकट हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। दून-ऋषिकेश रोड पर बीते मंगलवार की देर शाम टाटा सूमो ने बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना रानीपोखरी पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर डांडी शनि मंदिर के समीप दून से ऋषिकेश की ओर आ रहे बाइक सवार दो छात्रों को विपरीत दिशा से आ रही टाटा सूमो ने टक्कर मार दी।
घायल छात्र आशीष बिष्ट 23 पुत्र कमल सिंह बिष्ट निवासी न्यू कालोनी आईडीपीएल, वीरभद्र व उसके साथी राहुल नेगी 22 पुत्र प्रेम सिंह नेगी को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान आशीष की मौत हो गई। बुधवार सुबह मृतक के पिता कमल सिंह बिष्ट की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया गया कि कार को पुलिस ने रानीपोखरी में पकड़ लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि मृतक बीएससी का छात्र था। अज्ञात चालक की धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए गए हैं।