गोकशी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
देहरादून। गोवंश संरक्षण स्क्वायर्ड टीम ने गुरुवार रात गढ़ी संगीपुर लक्सर में इकबाल के घर दबिश मारकर छह गायों को मुक्त कराया है। इकबाल के घर में गाय काटने की तैयारी थी। टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर तीन चक्कू और एक कुल्हाड़ी बरामद की हैं, जो गाय काटने के लिए रखी गई थीं। टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार जोशी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापा मारा गया। इकबाल अपने घर को स्लॉटर हाउस के रूप में प्रयोग कर रहा था। इकबाल, गुलफाम और मेहंदी हसन को गिरफ्तार कर लक्सर में गो वंश अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम में तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। घर को भी सील कर दिया गया है। अनिल कुमार के मुताबिक पूर्व में भी इनके खिलाफ गोकशी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम में शरद, कुलदीप, ऋषिपाल, सुनील, राकेश मौजूद थे।