ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
आपराधिक घटनाओं के बढने से खफा ढंडेरा के लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली का घेराव किया। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ घटनाओं के खुलासे की मांग की है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने लोगों को एक सप्ताह में घटनाओं के खुलासे का आश्वासन दिया है।
सोमवार की सुबह 11 बजे ढंडेरा नगर पंचायत के सैकड़ों लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली में पहुंचकर घेराव किया। लोगों का कहना था कि छह सितंबर को बदमाशों ने शिवाजी नगर में चाकू से सरिता देवी पर हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद आठ सितंबर को शिवाजी नगर में बदमाशों ने गीता रावत का पर्स छीना था। 12 सितंबर को नगर पंचायत के अशोक नगर में किरण से बदमाशों ने चेन लूटी थी। 13 सितंबर को भरत कालोनी में बदमाशों ने फायरिंग की थी। लोगों का कहना है कि समय-समय पर इन घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन आज तक इनमें से एक भी घटना का खुलासा नहीं किया जा सका। लोग इन घटनाओं का खुलासा करने की मांग कर रहे थे। कोतवाल अमरजीत सिंह ने लोगों को आश्वासन दिया कि सभी घटनाओं की जांच गंभीरता से की जा रही है। कुछ लोगों को चिह्नित भी किया गया है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह में पुरानी घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रीय विकास समिति अशोक नगर के अध्यक्ष हर्ष प्रकाश काला, जमना बुड़ाकोटी, विजय सिंह पंवार, आनंद सिंह, राकेश भट्, महात्मा सिहं रावत, दुर्गा बहादूर थापा, डीएस पुंडीर, राकेश, नंदा, सृष्टि रावत, सुमिता, मंजू रावत, मानसी व हीरा आदि मौजूद रहे।