देहरादून। संपत्ति खरीदकर कब्जा करना चाहा तो रजिस्ट्री लेकर दूसरा दावेदार आ गया। पता चला कि उसने यह संपत्ति पहले ही खरीद ली थी। आरोप है कि दूसरे दावेदार ने 40 लाख रुपये लेकर दावा छोड़ने की बात कही। पीड़ित की शिकायत पर एसआईटी ने जांच की तो पता चला कि यह सब संपत्ति के मालिक के कहने पर हुआ। इस आधार पर मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डालनवाला कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि हरबर्टपुर निवासी राकेश कुमार और विकासनगर निवासी अब्दुल कादिर ने रेसकोर्स निवासी योगेश तलवार से ईसी रोड पर 34 लाख रुपये में एक संपत्ति खरीदी थी। साल 2016 में यह सौदा राशिद निवासी अधमी बापोली पानीपत नाम के बिचौलिया के माध्यम से हुआ था। रजिस्ट्री के बाद राकेश जब इस भूमि पर कब्जा लेने पहुंचा तो तभी वहां राजकुमार कक्कड़ नाम का व्यक्ति भी पहुंच गया। उसने बताया कि यह जमीन वह 2013 में 80 लाख रुपये में खरीद चुका है। इसके बाद राजकुमार ने कहा कि अगर वे 40 लाख रुपये दें तो वह अपना दावा छोड़ सकता है। इस पर राकेश और अब्दुल को शक हुआ तो उन्होंने एसआईटी से शिकायत की। जांच में पता चला कि यह सब जमीन के मालिक योगेश तलवार, बिचौलिया राशिद और राजकुमार कक्कड़ की मिलीभगत से किया गया था। उनकी योजना राकेश और अब्दुल से ज्यादा रकम वसूलने की थी। इस आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।