ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
मोथरोवाला, दूधली में अनाधिकृत तरीके से की जा रही प्लाटिंग को एमडीडीए की टीम ने जेसीबी से धवस्त करा दिया। नौ माह पूर्व भी इस अवैध प्लाटिंग पर एमडीडीए ने कार्रवाई की थी, लेकिन नोटिस के बाद भी बिल्डर प्लाटिंग कराता रहा। एमडीडीए की ओर से बिल्डर के खिलाफ कोर्ट में भी वाद दायर किया गया है। ।
एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मोथरोवाला, दूधली में बिल्डर एसपी त्यागी की ओर से त्यागी गार्डन में अनाधिकृत तरीके से प्लाटिंग की जा रही थी। नौ माह पूर्व भी उस प्लाटिंग को तोड़ा गया था और दोबारा प्लाटिंग न करने को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन उसके बाद भी बिल्डर अवैध तरीके से प्लाटिंग करता रहा।
शनिवार को सहायक अभियंता माधवानंद जोशी की अगुवाई में टीम गार्डन पहुंच अवैध प्लाटिंग को दो जेसीबी से तुड़वा दिया। गार्डन में बनाई गई सड़कों को भी तुड़वा दिया। सहायक अभियंता माधवानंद जोशी ने बताया कि दो जेसीबी होने के बावजूद पूरे निर्माण को नही हटाया जा सका है। नए सिरे से दोबारा अभियान चलाया जाएगा।
सचिव पीसी दुम्का ने बताया कि त्यागी गार्डन के बिल्डर ने नौ माह पूर्व भी अनाधिकृत प्लाटिंग की थी। उस समय भी निर्माण ध्वस्त कराया गया था। दोबारा निर्माण न करने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन बिल्डर ने आदेशों का उल्लंघन कर दोबारा निर्माण करा दिया। बिल्डर के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर कराया गया है।
................................
ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की होगी जांच
सचिव पीसी दुम्का ने बताया कि जांच में यह बात भी सामने आई है कि बिल्डर ने ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग की है। इस संबंध में तहसीलदार डोईवाला को सरकारी अभिलेखों के अनुसार भूमि की पैमाइश कर जांच के लिए कहा गया है। जांच के बाद ही ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की पुष्टि हो सकेगी।