पेड़ पर चढ़ा विक्षिप्त, पुलिस को छकाया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
शहर कोतवाली क्षेत्र में सहारनपुर रोड पर शनिवार अपराह्न पेड़ पर एक युवक चढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उतारने का प्रयास किया, लेकिन जितना उतारने की कोशिश करती वह उतना ऊपर चढ़ता जाता। करीब आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक मशक्कत चलती रही। बाद में युवक खुद उतर आया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
एसएसआई अशोक राठौड़ ने बताया कि सहारनपुर रोड पर भूसा स्टोर के पास स्थित पेड़ पर शनिवार अपराह्न करीब 3 बजे एक युवक के चढ़े होने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक पेड़ पर चढ़ा हुआ है। एक व्यक्ति ने उसको उतारने का प्रयास किया तो ऊपर से उसने लकड़ी मारनी शुरू कर दी। इस पर फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया। पेड़ के पास हाइटेंशन लाइन होने के कारण करंट फैलने का खतरा था। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन की टीम को भी सूचना दे दी गई। हालांकि इससे पहले ही युवक आपे आप उतर गया। एसएसआई ने बताया कि युवक नेपाल का रहने वाला है और मानसिक रूप से विक्षिप्त है।