फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: ओपन ट्रायल की मांग पर मुखर हुए क्रिकेटर, भेदभाव का आरोप, आज से होंगे ट्रायल

Tue, 28 Aug 2018 08:04 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
खिलाड़ियों को खदेड़ते पुलिसकर्मी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विजय हजारे ट्रॉफी में शामिल होने वाली उत्तराखंड की टीम चुनने के लिए ओपन ट्रायल कराने की मांग पर स्थानीय क्रिकेटर मुखर हो गए। बड़ी संख्या में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी पहुंचे क्रिकेटरों और उनके अभिभावकों ने ओपन ट्रायल न होने पर विरोध जताया। वहीं, प्रेस क्लब में भी खेल प्रेमियों ने विरोध जताकर पहाड़ के क्रिकेटरों से भेदभाव का आरोप लगाया।

विज्ञापन

 
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में क्रिकेटर अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी पहुंच गए। हालांकि गेट से भीतर केवल उन्हीं क्रिकेटरों को प्रवेश दिया गया, जिनके नाम ट्रायल सूची में शामिल थे। इस पर कई क्रिकेटरों ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी क्रिकेटरों को ट्रायल में शामिल कराने की मांग की। क्रिकेटरों और उनके अभिभावकों ने आरोप लगाया कि एसोसिएशन ने अपने चहेते क्रिकेटरों को ट्रायल में शामिल होने का मौका दिया है। इसलिए कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल नहीं किया जा रहा है। 

पहाड़ के क्रिकेटरों से भेदभाव 
प्रेस क्लब में क्रिकेट प्रेमियों ने ओपन ट्रायल न कराए जाने पर विरोध जताया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंकज पुरोहित, महेंद्र सिंह रांगड, ललित पंवार और कैलाश राणा ने आरोप लगाया कि विजय हजारे ट्रॉफी के लिए चुनी जा रही टीम के ट्रायल में पहाड़ के क्रिकेटरों से भेदभाव किया जा रहा है। लाखों रुपये खर्च कर एकेडमी में प्रशिक्षण देने वाले क्रिकेटरों को ही मौका दिया जा रहा है। 
विज्ञापन

 
ट्रायल और कैंप के बीच सात दिन का समय 
राज्य क्रिकेट संचालन समिति ने समय कम होने का हवाला देते हुए ओपन ट्रायल कराने से इनकार किया था। 28 से 31 अगस्त तक अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में ट्रायल होंगे। इसके बाद सात सितंबर से 17 सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। ऐसे में ट्रायल और कैंप के बीच सात दिन का समय है। समय की कमी का दावा करने वाली समिति चाहती तो इस बीच आसानी से ट्रायल कराए जा सकते थे।

100 क्रिकेटरों ने कराया पंजीकरण, आज से होंगे ट्रायल  
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड की टीम चुनने के लिए मंगलवार से ट्रायल शुरू होंगे। ट्रायल के लिए सूचीबद्ध किए गए सभी 100 क्रिकेटरों ने सोमवार को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया। मंगलवार को पहले दिन आठ सत्र में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। 

सोमवार सुबह अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई। पंजीकरण फॉर्म के साथ खिलाड़ियों के दस्तावेज भी जमा कराए गए। राज्य क्रिकेट संचालन समिति से जुड़े सदस्यों और अन्य ऑफिशियल्स ने क्रिकेटरों के दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों के अनुसार, कई दूसरे राज्यों से खेलने वाले क्रिकेटरों ने भी पंजीकरण कराया है। यह खिलाड़ी अलग-अलग स्तरों पर खेल रहे थे। यह खिलाड़ी अपनी एसोसिएशन से एनओसी भी लेकर आए हैं। संचालन समिति सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को सुबह 11 बजे से ट्रायल प्रक्रिया शुरू होगी।

ट्रायल के बाद 22 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिन्हें तीनों अतिथि खिलाड़ियों रजत भाटिया, विनीत सक्सेना और मलोलन रंगराजन के साथ सात से 17 सितंबर तक होने प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा। इसमें बीसीसीआई की ओर से कोच और सपोर्ट स्टाफ  की तैनाती की जाएगी। इनमें से 15 खिलाड़ियों की टीम प्लेट ग्रुप लीग मुकाबले खेलने के लिए गुजरात को रवाना होगी।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें