देहरादून। एक शातिर ने फर्जी पर्ची बनाकर अस्पताल से जुड़ी दुकान से सामान खरीदकर दूसरे दुकानदार को बेचकर लाखों की चपत लगा दी। महीनों तक चले इस खेल का जब अस्पताल संचालकों को पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की है। पुलिस ने पर्ची बनाने वाले और दूसरी दुकान के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस में शिकायत दून पैरामेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के एमडी संजय चौधरी ने की है। चौधरी का कहना है कि उनके अस्पताल में जो भी रंगाई पुताई का काम होता है उसका सामान गांधी रोड स्थित क्वालिटी हार्डवेयर से आता है। इस बात को वहां पर काम करने वाले भी जानते हैं। एक दिन जब क्वालिटी हार्डवेयर पर गए तो उन्हें इस बात का पता चला कि अस्पताल से पर्ची के आधार पर लाखों का सामान खरीदा गया है। सामान खरीदने वाले का नाम ताहिर खान बताया गया। ताहिर खान से पूछताछ हुई तो पता चला कि उसने यह सारा समान चूना भट्टा के पास माटा हार्डवेयर को बेचा है। ऐसा वह कई महीनों से करता आ रहा था। इंस्पेक्टर कैंट विद्याभूषण नेगी ने बताया कि चौधरी की शिकायत पर ताहिर खान व माटा हार्डवेयर के मालिक राजीव कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।