-प्रदेश में शनिवार को दो पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद आज राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग को आज मिली सभी 201 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रदेश में अभी कोरोना संक्रमितों की संख्या 42 है। वहीं, 11 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
- ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक भीड़ करने पर बारह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि जाटव बस्ती निकट मॉडर्न स्कूल के पास से पांच और चंद्रभागा पुल से सात लोगों को अनावश्यक रूप से भीड़ करने पर गिरफ्तार किया गया है।
-उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से राज्य में फंसे 1500 नेपाली नागरिकों को नेपाल में प्रवेश दिलाए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड के सीमांत जिला पिथौरागढ़ के धारचूला और आस पास के क्षेत्रों में लॉकडाउन के कारण नेपाल के लगभग 1500 लोग काफी समय से फंसे हुए हैं, जिनको नेपाल में प्रवेश के लिए नेपाल सरकार ने झूला गेट के दरवाजे नहीं खोले हैं। जिस कारण इन लोगों के समक्ष भोजन एवं जीवन यापन संबंधी व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।
-विकासनगर में लॉकडाउनक के दौरान आवश्यक सेवाओं की आड़ में स्मैक की तस्करी करते दो लोगों अशफाक अहमद पुत्र शकूर अहमद, निवासी बिहारीगढ़ सहारनपुर और शेरुद्दीन पुत्र नदीरूद्दीन निवासी सहसपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से पुलिस को करीब 500 ग्राम स्मैक पकड़ी गई है। पुलिस का कहना है कि इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
-मसूरी एसडीएम वरुण चौधरी सुबह बाजार में जायजा लेने निकले। इस दौरान उन्होंने बिना लाइसेंस के सब्जी बेचने वालों पर कार्रवाई की। उन्होंने एक दुकान को सील कर दिया है। इसके साथ ही कई दुकानों का चालान भी किया गया। इस दौरान उन्होंने बिना अनुमति चल रहे दोपहिया और चौपहिया वाहनों का भी चालान करवाया।
-हल्द्वानी सिंचाई विभाग ने कर्मचारियों को 20 अप्रैल से ऑफिस ज्वाइन करने के अदेश जारी किए हैं। कर्मचारियों को अब बीस अप्रैल के बाद से नियमित ड्यूटी करनी होगी।
-पंतनगर सुरक्षा, चिकित्सा एवं व्यवस्था समेत क्वारंटीन किए गए कोरोना संदिग्धों की सेवा में मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे कोरोना योद्धाओं का कॉलोनी में अंग वस्त्र भेंट कर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। संयुक्त मोर्चा एवं इंटक जिलाध्यक्ष जनार्दन सिंह, महेंद्र शर्मा, पीएस भंडारी व प्रभाकर जोशी के नेतृत्व में परिसर वासियों ने सहायक सुरक्षाधिकारी रविन्द्र चैबे, सुरक्षा कर्मी गोविंद सिंह, बिगन शाह, विपिन, नागेंद्र, सत्येंद्र व रघुवर दंत जोशी, चिकित्सा कर्मी रवि सिंह राजेंद्र चिंडालिया व विनेश्वर सिंह एवं सफाई कर्मियों धर्मेंद्र, श्याम पाल, सूरज व कपिल आदि कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
-देहरादून में लॉकडाउन को लेकर पुलिस सतर्क है। राहत अवधि में लालपुल, सहारापुर चौक और रेलवे स्टेशन रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही है। वाहनों को बिना चेकिंग के आगे नहीं दिया जा रहा है। वहीं, आईएसबीटी पर पुलिसकर्मी जरूरतमंदों को खाना बांट रहे हैं।
- देहरादून में सुबह नेहरू कॉलोनी के पास सड़क पर किसी के पैसे गिर गए। सड़क पर पांच सौ के कई नोट देखकर वहां लोगों में खलबली मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैसों को वहां उठाया।
- देहरादून के गांधी शताब्दी अस्पताल में आज सुबह भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को पीपीई किट भेंट की।
- हरिद्वार के ज्वालापुर के अंतर्गत पांवधोई क्षेत्र में आज सुबह प्रशासन ने आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसके लिए वहां एक मशीन लगाई गई है। इससे कोई भी व्यक्ति जिसके पास एटीएम कार्ड नहीं है, वह भी अपने आधार नंबर से ही पैसा निकाल सकता है। उप जिलाधिकारी कुशम चौहान ने बताया कि प्रशासन द्वारा की गई इस व्यवस्था का लोग आसानी से उपयोग कर रहे हैं।
- पंतनगर में लॉकडाउन-2 का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। जिसके चलते लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हैं। इसके लिए पुलिस प्रशासन सहित विवि का सुरक्षा विभाग भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। प्रशासन के निर्देश पर पंतनगर विवि परिसर के छात्रावास क्वारंटीन सेंटर में तब्दील कर दिए गए हैं।
-रुद्रपुर में आज सुबह सात बजे से ही मंडी और बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। इसके चलते वहां पहुंची पुलिस टीम ने बाजार में सोशल डिस्टेंस न रखने वालों को चेतावनी भी दी।
-देहरादून की धाराचौकी में लोग सुबह से ही राशन लेने पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को कुर्सी देकर सोशल डिस्टेंस के साथ वहां बैठाया। वहां राशन लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी है।