शुक्रवार को पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने पहले दिन ही 898 दुकानदारों को नोटिस थमा दिए। सोशल डिस्टेंस और दुकान के बाहर गोले न बनाने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई हैं। इससे घबराए कुछ दुकानदारों ने समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दी।
डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने लॉकडाउन में दुकानदारों के सोशल डिस्टेंस आदि नियमों का पालन न करने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी के बाद गेलोड बेकर्स और तीन बुक सेलर मालिकों के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस शुक्रवार को नियमों का पालन कराने सड़कों पर उतर गई। दुकानदारों से नाराजगी जताने के साथ नोटिस थमा दिए। पुलिस के इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इससे घबराकर कई दुकानदार तो अपनी दुकानें बंद कर अपने घर चले गए।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि शहर कोतवाली ने 92, कैंट में 74, वसंत विहार में 75, डालनवाला में 82, नेहरू कॉलोनी में 84, रायपुर में 193, क्लेमेंटटाउन में 15, पटेलनगर में 77, प्रेमनगर में 75, राजपुर में 25 और मसूरी में 106 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि अब सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं होता मिला तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
देहरा खास में हंगामा करने वाले युवक आदिल का अस्पताल में उपचार चल रहा। पुलिस का कहना है कि अत्यधिक नशा होने के कारण वह रात भर उलटी करता रहा। छुट्टी के बाद ही उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
पटेलनगर के देहरा खास में नशे में धुत युवक ने घर मे घुसने का प्रयास किया था। लोगों ने घेरा तो आरोपी ने थूकते हुए खुद को कोरोना का मरीज बताकर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद लोगों ने सड़क पर आकर उसकी घेराबंदी कर ली थी। इसी बीच युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया था। दहशत में लोग अपनी घरों की छतों पर चढ़ गए थे। तीन घंटे के हंगामे के बाद 108 की मदद से देर रात उसे दून अस्पताल भर्ती कराया गया था।
पुलिस का कहना है कि उल्टी किए जाने के कारण अभी उसका उपचार चल रहा हैं। कोरोना की किसी तरह के लक्षण अभी तक सामने नहीं आए है। ऐसा लगता हैं कि लोगों की पिटाई से बचने को आरोपी ने ये प्रपंच किया था।