संक्रमण से बचाव व रोकथाम के कार्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग और अलर्ट हो गया है। कोरोना वायरस को लेकर आने वाले 15 दिन उत्तराखंड के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात व अन्य राज्यों की जमात में शामिल होने वाले लोगों में कोरोना संक्रमण पॉजिटिव के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग का ऐसे लोगों की पहचान करने पर फोकस है।
प्रदेश में अब तक पुलिस और जिला प्रशासन ने 292 जमातियों को क्वारंटीन किया है। वहीं, पहले से प्रदेश में दस संक्रमित मरीजों के संपर्क में 1150 से ज्यादा लोग आए हैं। प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
देहरादून, कोटद्वार व हल्द्वानी में कोरोना संक्रमित मामले आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कोरोना संक्रमित मरीज से वायरस स्थानीय स्तर पर न फैले इस पर सरकार और विभाग का ध्यान केंद्रित है।
देहरादून और कोटद्वार अस्पताल के आइसोलेशन में भर्ती पांच संक्रमित मरीजों को दो-तीन दिनों में अस्पताल से घर भेजा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पांच संक्रमित मरीज स्वस्थ हैं। दूसरी बार मेडिकल जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा।
काशीपुर के गोविंदनगर निवासी महिला और उसके बेटे की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह महिला हाल ही में अपने मायके लतीफपुर हस्तिनापुर से काशीपुर आई थी। यहां आने पर बुखार की बात का पता चलने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी विभाग को दी थी।
जानकारी मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे और महिला और उसके डेढ़ साल के बेटे को एहतियातन आईसोलेशन वार्ड में रखा था।