मर्चेंट नेवी में चुने जाने के बावजूद लॉकडाउन के चलते ड्यूटी ज्वाइन न कर पाने से परेशान युवक फ्लाईओवर से कूद गया। घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। उसे कैलाश अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया। देर रात तक युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी।
बृहस्पतिवार रात एक युवक नेहरू कालोनी क्षेत्र के हरिद्वार बाईपास रोड स्थित अजबपुर फ्लाईओवर पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी देर तक फ्लाई ओवर पर टहलता रहा। कुछ देर बाद अचानक युवक ने फ्लाई ओवर से नीचे छलांग लगा दी।
इससे वहां अफरातफरी मच गई। लोगों की सूचना पर चीता फोर्स के जवान मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में युवक को तत्काल जिला राजकीय कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। इस बीच पुलिस ने युवक की पहचान हर्ष गोयल (23) पुत्र सुधीर गोयल निवासी सुभाषनगर, थाना क्लेमेंटटाउन के रूप में की।
सूचना पर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक को गंभीर अवस्था में जोगीवाला स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेहरू कालोनी थानाध्यक्ष दिलबर नेगी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता लगा है कि मर्चेंट नेवी ज्वाइन न कर पाने की वजह से वह डिप्रेशन में चल रहा था।