मुंबई से श्रमिक एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचे 1607 प्रवासियों में से गढ़वाल के तीन जिलों के लोगों को पिरान कलियर में संस्थागत क्वारंटीन कर दिया, जबकि बाकी जगह के लोगों को बसों से भेज दिया गया। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दिनभर इसी व्यवस्था में जुटा रहा। मुंबई एक्सप्रेस में उत्तर प्रदेश के 36 प्रवासी लोग भी यहां आ गए थे। फिलहाल इन्हें रिलीफ कैंप में रखा गया है।
मुंबई से श्रमिक एक्सप्रेस बुधवार की रात करीब 10.45 बजे के बजाय 12.55 बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। श्रमिक एक्सप्रेस से बोगीवार यात्रियों को उतारा गया। इसके बाद सैंपलिंग अभियान शुरू किया गया। एडीएम केके मिश्रा ने बताया कि कुल 1607 में से 1571 उत्तराखंड के थे, जबकि 36 उत्तर प्रदेश के। 1571 में से कुमाऊं मंडल के साथ देहरादून और टिहरी गढ़वाल के 1092 को रात को ही बसों से वहां भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार जनपद में 479 लोगों को रोका गया था इनमें रुद्रप्रयाग के 315, चमोली के 112, उत्तरकाशी के 44, हरिद्वार के 8 लोग शामिल हैं। इन्हें पिरान कलियर में संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया।
वहीं देर रात पुलिस ने चंडीघाट पर एक शिक्षक को बुरी तरह पीट दिया। शिक्षक की ड्यूटी रेलवे स्टेशन हरिद्वार पर प्रवासी यात्रियों की डीटेल लिखने में लगाई गई थी। इस घटना के बाद पीडि़त शिक्षक रेलवे स्टेशन पहुंचा और पूरा मामला बताया।
जिस पर गुस्साए अन्य शिक्षकों ने ड्यूटी करने से इनकार करते हुए हंगामा काटा। बाद में पीडि़त का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इस मामले में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने हरिद्वार के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत सौंपी है।
देहरादून नगर निगम ने हाउस टैक्स में छूट की सीमा को बढ़ाया
देहरादून नगर निगम में कार्यकारिणी की बैठक में आज ये तय किया गया कि लॉकडाउन के मद्देनजर हाउस टैक्स में छूट की सीमा को बढ़ाया जाएगा। पिछले 15 मार्च तक 20 प्रतिशत छूट दी गई थी। इसके अलावा आय के स्रोत्र बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा, नगर आयुक्त और नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद रहे।