प्रशासन ने कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए उसके भाई, बाइक ठीक करने वाला मैकेनिक व कपड़ों को बैग देवीधार से ढूंगी गांव ले जाने वाले व्यक्ति व उसके संपर्क में कई लोगों के आने की आशंका को देखते हुए दोनों गांवों को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर सील कर दिया है। इन लोगों की भी जांच होगी।
डीएम डा. आशीष चौहान ने संक्रमित क्षेत्रों को लेकर संबंधित अधिकारियों को गाइड लाइन जारी कर दी है कि संक्रमित क्षेत्रों में किसी को भी आवागमन की अनुमति न दी जाए। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीणों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, जिला पंचायत को सैनिटाइज कराने एवं विधिवत कूड़ा निस्तारण करने, पूर्ति विभाग को यहां आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। संक्रमित क्षेत्रों में पुलिस एवं पीआरडी के जवान भी तैनात किए गए हैं।