विधानसभा उपाध्यक्ष और अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि ब्रांडेड कंपनी के बजाय चीनी कंपनी से ऑक्सीमीटर क्रय करने से सरकार और प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर संबंधित कंपनी को ऑक्सीमीटर वापस कर भुगतान न करने और कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने निर्देश दिए हैं। साथ ही वर्ष 2020-21 में भी 1.15 करोड़ की विधायक निधि से क्या खरीद हुई है, इसका विवरण भी उपलब्ध कराएं।
विधायक चौहान ने कहा कि कोविड-19 महामारी को देखते हुए सभी विधायकों की विधायक निधि से स्वास्थ्य उपकरण क्रय करने के लिए एक-एक करोड़ की धनराशि देने का शासनादेश जारी किया गया है। उन्होंने भी ऑक्सीमीटर, आक्सीजन प्लांट समेत अन्य उपकरण खरीदने के लिए एक करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का सहमति पत्र मुख्य विकास अधिकारी को दे दिया है।
उनकी विधायक निधि से 643 ऑक्सीमीटर खरीदे गए हैं। उन्होंने बताया कि 25 मई को हवालबाग में आशा कार्यकर्ताओं को सौ ऑक्सीमीटर वितरित भी कर चुके हैं। परंतु ये ऑक्सीमीटर ब्रांडेड कंपनी के बजाय चीनी कंपनी से क्रय किए गए हैं, जिनके खराब होने और एक्टीवेट नहीं होने की शिकायत आई है, जिससे जनता में भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ ही सरकार और प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है।विधायकों के ऊपर भी दोषारोपण हो रहे हैं।
इस घटना से उनकी भी व्यक्तिगत छवि धूमिल हो रही है। यह जनता के साथ भी धोखा है। विस उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि सप्लाई करने वाली कंपनी को ऑक्सीमीटर तत्काल वापस किए जाएं और कंपनी को विधायक निधि से भुगतान नहीं किया जाए। साथ ही कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। भविष्य में जो भी उपकरण खरीदे जाएं वे ब्रांडेड कंपनी से खरीदे जाएं, तभी विधायक निधि से भुगतान किया जाएगा।
ऑक्सीजन जेनरेटर कंसंट्रेटर भी ब्रांडेड कंपनी से क्रय किए जाएं, जिनका प्रमाण हो। क्योंकि वर्तमान में सभी उपकरणों में जीएसटी काफी कम है और रेट भी कम हुए हैं। उन्होंने कहा है कि पिछले वित्तीय वर्ष में भी उन्होंने 1.15 करोड़ रुपये की धनराशि विधायक निधि से दी थी। पर इस धनराशि से क्या खरीद हुई उसका विवरण भी उन्हें अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने डीएम से खरीद का विवरण भी उपलब्ध कराने के लिए कहा है।