भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश में पार्टी विधायकों को कोरोना संकट के बीच जनता के साथ खड़े होने के निर्देश दिए हैं। सभी विधायकों को अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद में जुटने को कहा गया है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पार्टी ने विधायकों को सात काम दिए हैं, जिन पर तत्काल अमल करने के निर्देश हैं। ये सभी कार्य विधायक अपने संसाधनों से करेंगे।
कोविड 19 महामारी के बीच भाजपा विधायकों को जनता के बीच जाकर काम करना होगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पार्टी विधायकों को निर्देश दिए कि वे कोरोना संकट के बीच जनता के बीच जाएं और उनकी जो भी आवश्यकता हो, उसे पूरा करने का प्रयास करें।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में रिकॉर्ड 180 मरीजों की मौत, 5890 नए संक्रमित मिले, एक्टिव केस 74 हजार पार
उन्होंने विधायकों से सरकारी सहायता के अलावा अपने स्तर और प्रयासों से चुनाव क्षेत्र की जनता की सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह संकट की घड़ी है और ऐसे वक्त में जनप्रतिनिधि को जनता के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने विधायकों को कोरोनाकाल में जनता की मदद के लिए सात काम दिए हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के मुताबिक, राज्य में कोविड महामारी की स्थिति पर केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी हर रोज शाम को वर्चुअल बैठक होती है। इस बैठक में कभी-कभी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी जुड़ते हैं। पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम, वह स्वयं और प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार के अलाव पार्टी के जिलाध्यक्ष व विधायक जुड़ते हैं।
ये सात काम
1.कोरोना फ्री बूथ बनाने में जुटना होगा।
2.कोई भूखा न रहे, करेंगे इंतजाम ।
3.क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे ।
4. जरूरत होने पर लोगों को वाहन की व्यवस्था करेंगे
5.क्षेत्र में जनजागरुकता अभियान चलाएंगे।
6. मास्क और सैनिटाइजर वितरण करेंगे।
7. कोरोना संक्रमितों को कोविड किट उपलब्ध कराएंगे।
कोरोना संकट के मौजूदा हालातों को देखते हुए सभी विधायकों को जनता के साथ जुटने को कहा गया है। वे अपने क्षेत्र में जनता की हर संभव मदद करेंगे। इसके अलावा भी उन्हें कई और काम दिए गए हैं। वे भाजपा के कंट्रोल रूम के साथ समन्वय स्थापित कर जनता के बीच में उनका सहयोग करेंगे।
-मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा