उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। बीते एक सप्ताह में प्रदेश में 36 हजार से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। पिथौरागढ़ जिले में सबसे ज्यादा संक्रमण दर 25.2 और हरिद्वार जिले में सबसे कम 5.2 प्रतिशत दर्ज की गई है।
बीते एक सप्ताह में प्रदेश में 2.88 लाख कोविड सैंपलों की जांच की गई है। हरिद्वार जिले में सबसे ज्यादा 1.44 लाख से अधिक सैंपलों की जांच की गई है। हरिद्वार जिले की संक्रमण दर 5.2 प्रतिशत रही है। जबकि नैनीताल जिला 25.2 प्रतिशत संक्रमण दर के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, देहरादून जिले में सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 21.6 प्रतिशत है।
सोशल डवलपमेंट फार कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पाया गया है कि एक सप्ताह में कोविड जांच के आधार पर प्रदेश की संक्रमण दर 12.8 प्रतिशत रही है। कई जिलों में सैंपल जांच कम है। सरकार व स्वास्थ्य विभाग को जांच बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।