राज्य समेत बाहरी राज्यों में बढ़ रहे कोरोना के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली से आने वाले यात्रियों पर पाबंदी में ढील से यह खतरा और भी बढ़ गया है।
रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने बताया कि बढ़ते मामलों के बीच रोकथाम के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार की जा रही है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को नारसन बॉर्डर का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को इस संबंध में व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। बाजारों में संक्रमण रोकने के लिए लापरवाही करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने बताया कि नारसन बॉर्डर पर कर्मचारियों को मुस्तेदी के साथ सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सैंपलिंग बढ़ाए जाने की कोशिश है। इसके लिए जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की जाएगी। वहीं शनिवार को व्यापारियों के साथ भी बैठक तय की गई है।
इसमें बाजार में आने वाले लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए रणनीति पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के चलते थोड़ी ढील दी गई थी, लेकिन अब त्योहार समाप्त हो गए हैं और कोरोना के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में मास्क और सैनिटाइजर को लेकर सख्ती बरती जाएगी।