प्रदेश में कोरोना से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। हर जनपद में संक्रमण से बचाव के लिए अलग-अलग थीम पर आधारित अभियान चलाए जाएंगे। सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों की बैठक में कोविड के खिलाफ पूरे प्रदेश में जन जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि मास्क के उपयोग, सामाजिक दूरी और विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइडलाइन के अनुसार जागरुकता के लिए पोस्टर, बैनर, स्टिकर एवं ऑडियो व वीडियो मैसेज के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए।
अभियान के लिए सूचना एवं लोक संपर्क विभाग सभी विभागों से समन्वय बनाकर प्रचार प्रसार करेगा। खेल, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, संस्कृति, पुलिस, कृषि समेत अन्य विभागों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी। परिवहन निगम की बसों में पोस्टर और रिकॉर्डिंग मैसेज की व्यवस्था, सरकारी भवनों पर वाल राइटिंग, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बचाव संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। बैठक में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा, सचिव दिलीप जावलकर, डॉ.पंकज कुमार पांडेय, बृजेश कुमार संत, एचसी सेमवाल, सूचना महानिदेशक डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट मौजूद रहे।
आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं
सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से जागरुकता संबंधी गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। लेख, कविता, वॉल पेंटिंग, स्लोगन और अन्य गतिविधियों पर प्रतियोगिताओं में विजेताओं को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार दिए जाएंगे।
कोरोना विजेता करेंगे अगुवाई
खेल विभाग की ओर से कोरोना विजेताओं के नेतृत्व में जागरुकता के लिए वॉक कार्यक्रम, कोरोना से जागरुकता के लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से लघु नाट्य, गीत एवं ऑनलाइन माध्यम से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में अच्छा कार्य करने वाले जनपदों, विकासखंडों व ग्राम पंचायतों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को स्वस्थ होने पर सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉ. हरक सिंह रावत को एक अक्टूबर को सांस लेने में दिक्कत होने पर भर्ती कराया गया था।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि उनके एक्सरे व सीटी स्कैन की जांच में निमोनिया के हल्के लक्षण दिखाई दिए थे। खून की जांच सामान्य आई थी।
कोरोना जांच रिपोर्ट 23 सितंबर को पॉजिटिव आई थी। वह होम आइसोलेशन में थे। तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को स्वस्थ होने पर अस्पताल से घर लौटने से पहले डॉ. रावत ने प्रिंसिपल डॉ. सयाना समेत उनकी पूरी टीम की सराहना की।