कोरोना संक्रमण से निपटने को लेकर राजधानी दून समेत पूरे जिले में तेजी से टीकाकरण किया जा सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे जिले में नए वैक्सीनेशन सेंटर खोलने की तैयारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि जल्द ही नए वैक्सीनेशन सेंटर का मसौदा तैयार कर वैक्सीन की उपलब्धता होने के साथ ही टीकाकरण में तेजी लाई जाएगी।
डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि बुधवार को देहरादून जिले में कुल 3984 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिले में अब तक 45 साल से अधिक उम्र के 378486 लोगों को टीके की पहली डोज और 117196 लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।
18 से लेकर 45 साल की उम्र के 113871 लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। पूरे जिले में 3533 ऐसे लोग हैं जिन्हें टीके की दोनों डोज दी जा चुकी हैं। जिले में 36376 हेल्थ वर्कर्स को टीके की पहली डोज और 26746 हेल्थ वर्कर्स को दोनों डोज दी जा चुकी हैं। वहीं अब तक 28642 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके की पहली डोज और 16455 फ्रंटलाइन वर्कर को दोनों डोज दी जा चुकी हैं।
मुहैया कराई गईं टीके की 5000 डोज
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर पांडे ने बताया कि बुधवार को 5000 टीके की डोज मुहैया कराई गई हैं। टीके की डोज मिलने के साथ ही वैक्सीनेशन में तेजी आएगी। नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर पांडे ने बताया कि जल्द ही और अधिक टीके की आपूर्ति का आश्वासन आला अधिकारियों की ओर से दिया गया है। जैसे-जैसे टीके की डोज मिलेगी उसी अनुसार टीकाकरण अभियान में तेजी लाएगी।
जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में पहले लगाया जाएगा टीका
देहरादून जिले के पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को अब प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया जाएगा। मानसून में सड़कें बंद होने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाद में टीका लगाने में दिक्कत हो सकती है।
विदेश जाने वालों को 28 दिन में लगेगी वैक्सीन की दूसरी डोज
नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के लिए विदेश जाने वालों को सरकार ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने की समय अवधि में छूट दी है। अब विदेश जाने वाले लोग 28 दिन बाद वैक्सीन की दूसरी डोज लगा सकेंगे। इसके लिए उन्हें विदेश जाने का प्रमाण देना होगा। बाकी लोगों के लिए वैक्सीन लगवाने की गाइडलाइन पूर्व की भांति रहेगी।