फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona In Uttarakhand: कोरोना संक्रमित सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पत्नी और बेटी समेत दिल्ली एम्स में भर्ती

Mon, 28 Dec 2020 09:00 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
trivendra singh rawat(file photo) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

कोरोना संक्रमित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पत्नी और बेटी समेत दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती हो गए हैं। हल्के बुखार के बाद वह रविवार को डाक्टरों के परामर्श के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे।

विज्ञापन


परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उनके फेफडों में हल्का संक्रमण बताया था। डाक्टरों ने एहतियात के तौर पर विशेष सलाह व परीक्षण के लिए उन्हें एम्स रेफर कर दिया है। डाक्टरों ने उनकी हालत पूरी तरह से सामान्य बताई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री एक हफ्ते एम्स में स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री व उनके परिवार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए प्रार्थनाओं का सिलसिला भी शुरू हो गया है। 15 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष शादाब शम्स के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने बाबा जमाल शाह रहमतुल्लाह की दरगाह पर चादर चढ़ाकर दुआएं मांगी। रेसकोर्स गुरुद्वारे में भी उनके स्वास्थ्य की अरदास की गई।
विज्ञापन


प्रदेश सरकार में भी चिंता
मुख्यमंत्री के कोरोना संक्रमित होने के बाद से ही प्रदेश सरकार में चिंता है। सोमवार को सीएम के एम्स में भर्ती होने की खबर के बाद सचिवालय से लेकर सरकारी दफ्तरों और सियासी हलकों में उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने की उत्सुकता रही।

विज्ञापन

स्वस्थ्य व सक्रिय रहे सीएम

कोरोना संक्रमित होने के बावजूद मुख्यमंत्री स्वस्थ और सक्रिय रहे हैं। वह 18 दिसंबर को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनकी पत्नी और बड़ी बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री परिवार सहित होम आइसोलेशन में चले गए थे। उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पर कोरोना संक्रमित होने और कोरोना के लक्षण न होने की जानकारी साझा की थी।

इस बीच मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र के दौरान वर्चुअल भागीदारी भी की। वर्चुअल माध्यम से ही कुछ कार्यक्रमों को सहज ढंग से संबोधित भी किया। इस दौरान वह पूरी तरह से स्वस्थ दिखे। रविवार को अचानक मुख्यमंत्री दून अस्पताल में भर्ती हो गए थे। अस्पताल में उनका स्वास्थ्य परीक्षण हुआ और उसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में रेफर करने की सलाह दी गई। दून अस्पताल से रवाना होते समय सीएम पूरी तरह से स्वस्थ और सहज दिखे। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन भी किया।

सार्वजनिक जीवन के व्यक्ति के ऊपर जिम्मेदारियों का इतना बोझ होता है, कभी-कभी अपनी बीमारी की परवाह किए बिना भी उनको काम करना पड़ता है। वर्चुअल तरीके से ही सही पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री एम्स में भर्ती हुए हैं। मैं कामना करता हूं कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ होंगे और अपने काम पर लौटेंगे।
- प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

मेरी मुख्यमंत्री से फोन पर बात हुई है, वह एहतियात के तौर पर एम्स में भर्ती हुए हैं। जल्द स्वास्थ्य लाभ लेकर लौटेंगे। मैं उनके सुंदर स्वास्थ्य की कामना करता हूं। 
- बंशीधर भगत, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

मुख्यमंत्री ठीक हैं। एहतियातन उन्हें एम्स में भर्ती होने के लिए कहा गया है। वह अभी भी पॉजिटिव हैं। छह से सात दिन वह एम्स में डॉक्टरों की देखरेख में रह सकते हैं। वहां सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस वजह से उन्हें वहां भेजा गया है।
- ओम प्रकाश, मुख्य सचिव
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें