उत्तराखंड में पहले चरण में 50 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष छह दिनों के भीतर 29 प्रतिशत से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों ने कोविड वैक्सीन लगवाई है। आज भी ऊधमसिंह नगर जिले के सात केंद्रों रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, काशीपुर, जसपुर और गदरपुर में वैक्सीनेशन किया गया।
उत्तराखंड में 16 जनवरी को कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरूआत की गई थी। तब से प्रदेश में छह दिन ही स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगवाई गई। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए सप्ताह में चार दिन वैक्सीन लगाने का दिन निर्धारित किया है।
कोरोना संक्रमितों के कम होते मामलों पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसका श्रेय टीमवर्क को दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पुलिस, आंगनबाड़ी, डाक्टरों ने बहुत अच्छा काम किया। उसका परिणाम है कि अभी तक उत्तराखंड कोरोना संक्रमण रोकने में देश के छह सबसे बेहतर राज्यों में शुमार है।
अब उत्तराखंड पांचवे स्थान पर आ सकता है। उन्होंने जनता को भी इसका श्रेय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोग अनुशासित हैं। केंद्र व राज्य सरकार ने विशेषज्ञों की राय पर जो भी दिशा-निर्देश दिए, उन्होंने उसका पालन किया। आपसी समन्वय और समझदारी से कोरोना को नियंत्रित हुआ।