प्रदेश में पहले चरण के कोविड टीकाकरण अभियान में अब तक एक लाख से अधिक हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्करों ने वैक्सीन लगवाई। शुक्रवार को प्रदेशभर में 137 बूथों पर 6434 हेल्थ वर्करों और फ्रंट लाइन वर्करों ने वैक्सीन लगवाई है। प्रदेश में 16 जनवरी को पहले चरण का कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था।
अब तक 103852 को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। इसमें 76535 हेल्थ वर्कर और 27317 फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं। राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ आपरेटिंग आफिसर डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को 13 जिलों में 137 बूथों पर 6434 हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्करों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है। केंद्र से मिली कोविशील्ड वैक्सीन को सभी जिलों में पहुंचा दी गई है। टीकाकरण अभियान सुचारू से चल रहा है।
छात्र के संक्रमित पाए जाने पर स्कूल तीन दिन के लिए बंद
राजकीय इंटर कॉलेज बाजीरौट के छात्र की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीईओ के आदेश के बाद स्कूल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूल को सैनिटाइज किया जा रहा है। बाजीरौट स्कूल में नौ फरवरी को कोरोना जांच के लिए शिविर लगा था। स्वास्थ्य विभाग ने सभी छात्र-छात्राओं के सैंपल लिए। जांच रिपोर्ट में नवीं कक्षा का एक छात्र पॉजिटिव पाया गया। जांच रिपोर्ट सामने आते ही सीईओ पदमेंद्र सकलानी ने स्कूल को तीन दिनों के लिए बंद रखने के आदेश दिए। प्रधानाचार्य महेश चंद्र ने बताया कि स्कूल को सैनिटाइज किया जा रहा है। सीईओ ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव निकला बच्चा स्वस्थ है।
नगर निगम के फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स को शुक्रवार को भी कोरोना की वैक्सीन लगी। अभी केवल निगम के सफाई से जुड़े कार्मिकों को ही टीका लगाया जा रहा है। इसके बाद केंद्र के निर्देशानुसार अन्य कार्मिकों को टीके लगाए जाएंगे।
नगर निगम परिसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्मिकों को टीके लगाए। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने पूरे कोविड काल के दौरान शहर की साफ-सफाई सुचारू रखने में अहम योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से उन लोगों की सूची जारी की गई, जिन्हें टीका लगना है। अन्य कार्मिकों को सरकार के निर्देश पर टीके लगेंगे। उन्होंने कहा कि टीके के बावजूद मास्क का इस्तेमाल समेत अन्य कोविड सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है।