प्रदेेश में बीते 24 घंटे में चार कोरोना मरीजों की मौत और पांच जिलों में सिर्फ 15 नए संक्रमित मामले मिले हैं। आठ जिलों में कोरोना का कोई नया मामला नहीं मिला है। कुल संक्रमितों की संख्या 96493 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को 5476 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं, पांच जिलों में 15 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। नैनीताल जिले में पांच, देहरादून में चार, हरिद्वार में चार, ऊधमसिंह नगर में एक व रुद्रप्रयाग जिले में एक संक्रमित मिला है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, पौड़ी, टिहरी व उत्तरकाशी जिले में कोई नया संक्रमित नहीं मिला है।
प्रदेश में चार कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में दो, मैक्स हास्पिटल में एक और कैलाश हास्पिटल में एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। प्रदेश में अब तक 1668 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 35 मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिला कर 92554 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 912 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है।
फ्रंट लाइन वर्करों को सोमवार से लगेगगा कोरोना का टीका
प्रदेश में सोमवार से कोविड-19 ड्यूटी में तैनात फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। सभी जिलों में फ्रंट लाइन वर्करों को उनके विभागों के कार्यालय परिसर में टीका लगाने का इंतजाम किया गया है। केंद्र की ओर से 10 फरवरी तक फ्रंट लाइन वर्करों के टीकाकरण को पूरा करने को कहा गया है।
प्रदेश में पहले चरण में 87588 स्वास्थ्य कर्मियों में 74407 को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण का 84.95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। वैक्सीन लगवाने से छूट गए 14.5 प्रतिशत हेल्थ वर्करों के लिए जिलों की ओर से अलग से दिना तय किए जाएंगे। आठ फरवरी से फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
पुलिस, राजस्व, पंचायतीराज, स्थायी निकायों के सफाईकर्मी, सेना व पैरामिलिट्री फोर्स के फ्रंट लाइन वर्करों को उनके ही विभागों के कार्यालय परिसर में टीका लगाया जाएगा। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 67 हजार से अधिक फ्रंट लाइन वर्करों का डाटा तैयार किया है।