कोरोना की दूसरी लहर में पुलिस एक बार फिर लोगों की सहायता करने को तैयार है। इसके लिए एक बड़ा सहायता केंद्र पुलिस लाइन में शुरू किया गया है। जबकि, हर थाने में सहायता बूथ तैयार किए गए हैं। इन बूथ और केंद्रों के माध्यम से पुलिस लोगों की हर समस्या का समाधान करने का प्रयास करने की बात कह रही है, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान समय में लोगों के सामने कई प्रकार की समस्याएं आ रही हैं। चूंकि, कई तरह की पाबंदियां हैं, ऐसे में उन्हें पुलिस व प्रशासन की सहायता की आवश्यकता होती है। इसी बात को मद्देनजर रखते हुए पुलिस लाइन में सहायता केंद्र शुरू किया गया है। इसका प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट को बनाया गया है। साथ ही इसका पर्यवेक्षण सीओ सिटी शेखर सुयाल करेंगे।
एसएसपी ने बताया कि किसी भी सहायता के लिए डॉयल 112 पर भी फोन किया जा सकता है। लेकिन, इसके अलावा दो अलग से नंबरों को जारी किया गया है। इनमें 0135-2722100 व 7900700100 नंबर शामिल हैं। साथ ही हर थाने में सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक कोविड सहायता केंद्र भी बनाए गया है। यहां से जनपद स्तरीय कोविड पुलिस सहायता केन्द्र देहरादून से प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस लोगों की सहायता के लिए 24 घंटे तैयार है। इसके लिए यह सब तैयारियां की गई हैं। लोगों से अपील करता हूं कि वह बेवजह घर से बाहर न निकलें। सरकार की गाइडलाइन का पालन करने के बाद ही इस महामारी से बचा जा सकता है।
- डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी
मानव अधिकार आयोग में सुनवाई 31 मई तक टली
कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के दृष्टिगत 22 अप्रैल से 31 मई तक की अवधि में कोई भी पक्षकार उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग के देहरादून कार्यालय/न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सकेंगे। आयोग के प्रशासनिक अधिकारी हरीश चंद्र पांडेय ने बताया कि इस अवधि में यदि किसी भी वादकारी को कोई भी दस्तावेज आयोग में प्रस्तुत करना हो तो वे ई-मेल, फैक्स, पंजीकृत डाक इत्यादि के माध्यमों से प्रस्तुत कर सकते हैं अथवा आयोग कार्यालय भवन के रिसेप्शन काउंटर पर उपलब्ध करा सकते हैं।