देहरादून राजधानी के कई मैदानों पर खिलाड़ी जल्द ही वापसी कर सकते हैं। केंद्र सरकार की ओर से कई गतिविधियों को मंजूरी देने के बाद खेलों के आयोजन से संशय के बादल भी छंटने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की ओर से संकेत मिलने के बाद जरूरी सावधानियों के साथ खेल गतिविधियों के आयोजन की तैयारी हो रही है।
बैडमिंटन, बॉक्सिंग, टीटी, ताइक्वांडो, फेंसिंग समेत अन्य इनडोर एक्टिविटी को लेकर खिलाड़ी खासे उत्साहित हैं। स्वीमिंग में कोरोना का खतरा ज्यादा होने के कारण फिलहाल इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिस तरह केंद्र सरकार ने कई गतिविधियों में छूट दी है, उसे देखते हुए जल्द ही खेलों पर लगी रोक भी हटने की उम्मीद है।
खेल संघों के स्थानीय प्रतिनिधि इस मामले में संघ पदाधिकारियों से निर्देश प्राप्त होने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल खिलाड़ियों को अपनी प्रैक्टिस और फिटनेस पर काम करने को कहा जा रहा है ताकि एकदम से जरूरत पड़ने पर उन्हें दिक्कत न हो। स्टेट एथलेटिक्स एसोसिएशन के तकनीकी सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि ट्रैक एंड फील्ड की स्पर्द्धाओं में नियमित अभ्यास बहुत जरूरी है।
ऐसे में खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस और प्रैक्टिस पर फोकस करने को कहा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही खेल आयोजन शुरू हो जाएंगे। एसोसिएशन इसके लिए अपने स्तर से तैयारियां कर रही है। जिला खेल अधिकारी राजेश ममगाई ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कई जगह बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में मुकाबले कराने की बात हो रही है। अभी इनडोर और आउटडोर गेम्स के आयोजन को लेकर हमारे पास कोई आदेश-निर्देश नहीं आए हैं।