कोरोना संक्रमित मिलने पर देहरादून प्रशासन ने सोमवार को किशन नगर एनक्लेव सिरमौर मार्ग लोकायुक्त वाली गली में मरीज के मकान के आसपास की इलाके को पाबंद कर दिया है। वहीं, अब अगले आदेश तक यहां के लोग पाबंद क्षेत्र के अंदर ही रहेंगे। वहीं, क्षेत्र के बैंक, दुकानें और अन्य सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। किशन नगर एनक्लेव में वह हिस्सा जिसके पूर्व में नवीन गुप्ता का मकान, पश्चिम में पुराना खाली लोकायुक्त कार्यालय भवन, उत्तर में भरतुरिया का मकान तथा दक्षिण में लोकायुक्त वाली गली को पाबंद किया गया है।
सीएमओ को सामुदायिक स्वास्थ्य पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी में लोग टोल फ्री नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
सोमवार को जिले के सार्वजनिक स्थलों पर मास्क न पहनने पर 354 लोगों का चालान किया गया। इसमें से प्रशासन की टीम ने 35 चालान किए। इसमें शहर में 13, विकासनगर में पांच, डोईवाला में 17 लोग शामिल हैं। पुलिस ने 319 लोगों के चालान किए।
278 प्रवासी फ्लाइट से दून पहुंचे
फ्लाइट से 278 प्रवासी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होटल में क्वारंटीन किया गया। 143 लोग फ्लाइट से दूसरे राज्यों के लिए रवाना हुए। मनरेगा के जरिये 22527 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। निबंधन कार्यालय में 184 रजिस्ट्री हुई। वहीं, एसोसिएट प्रोफेसर मेडिसिन दून मेडिकल कॉलेज डॉ. निधि उनियाल को कोरोना वॉरियर्स चुना गया।
976 लोग क्वारंटीन किए गए
सोमवार को दूसरे राज्यों से जिला पहुंचे 976 लोग स्वास्थ्य परीक्षण के बाद क्वारंटीन किए गए। आशा कार्यकर्ताओं ने कंटेनमेंट जोन में 456 लोगों का फॉलोअप किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 80,353 लोगों की सामुदायिक निगरानी का कार्य किया।
इसमें 270 को-मोर्बिडिटी अवस्था वाले पाए गए। वहीं, को-मोर्बिडिटी अवस्था वाले 73 लोगों से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई।
पटियाला (पंजाब) से बरात लेकर नई टिहरी के अंजनीसैण पहुंचा कार ड्राइवर कोरोना संक्रमित निकला। इसके बाद प्रशासन ने दूल्हा-दुल्हन समेत 41 बरातियों को क्वारंटीन कर दिया है। ड्राइवर को रविवार रात ही कोविड केयर सेंटर सुरसिंगधार भेज दिया गया था। अब क्वारंटीन बरातियों की कोरोना जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बीते रविवार बरात लेकर अंजनीसैण पहुंचने से पहले दूल्हे समेत सभी बरातियों का ऋषिकेश पूर्णानंद इंटर कालेज में सैंपल लिया गया था। जाखणीधार के तहसीलदार मोहन लाल आर्य ने बताया कि रविवार देर रात पटियाला निवासी कार ड्राइवर की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही उसे कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट कर दिया गया था।
कोरोना को लेकर हाईरिस्क को देखते हुए बरात में शामिल लोगों को क्वारंटीन कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
-मंगेश घिल्डियाल, डीएम टिहरी