एम्स ऋषिकेश में स्थानीय निवासी दो अन्य लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। एम्स के डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर, आईडीपीएल निवासी एक 40 वर्षीय व्यक्ति 9 जून को एम्स ओपीडी में परीक्षण के लिए आया था।
यहां उसका सैंपल लिया गया। यह व्यक्ति एक दिन पूर्व यानि 8 जून को गुडगांव, हरियाणा से लौटा था व होम क्वारंटीन में था। इस व्यक्ति की रिपोर्ट बुधवार को कोविड पॉजिटिव आई है। हालांकि यह व्यक्ति ए-सिम्टमेटिक, (जिसमें रोग के कोई लक्षण नहीं दिखाई पड़ते) है। दूसरा मामला भरत विहार, ऋषिकेश का है।
भरत विहार निवासी 28 वर्षीय युवक बीती एक जून को चित्तौड़गढ़, राजस्थान से आया था। इसने दो जून को एम्स में अपना कोविड सैंपल कराया था, जो नेगेटिव आया था। यह युवक एक जून से होम क्वारंटीन था। नौ जून को एम्स में इसका एक और कोरोना सैंपल लिया गया, जो बृहस्पतिवार को कोरोना पॉजिटिव आया है।
हालांकि इसमें भी रोग के कोई लक्षण नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। इधर, पुलिस-प्रशासन ने देर शाम तक दोनों ही पॉजिटिव लोगों के निवास स्थान के आसपास के इलाके को सील करने या न करने को लेकर चर्चा की जा रही थे। देर शाम तक इस पर निर्णय नहीं हो पाया था। नवनियुक्त उपजिलाधिकारी वरुण चौधरी ने बताया कि मौके पर टीम भेजी गई है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद निर्णय लिया जाएगा कि कितने इलाके को सील करने की आवश्यकता है।