देहरादून एसएसपी ऑफिस के पार्किंग स्थल परिसर में शिकायत दर्ज कराने, वेरीफिकेशन, महिला हेल्पलाइन और साइबर से जुड़ी शिकायत करने की सुविधा मिलेगी। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कोरोना संक्रमण रोकने को नई व्यवस्था लागू की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक अरुण मोहन जोशी ने पुलिसकर्मियों को भी संक्रमण से बचाने और आम जनमानस की सुविधा को लेकर बुधवार से पुलिस कार्यालय में नई व्यवस्था लागू की है। सीधे जनता के संपर्क में आने वाले शिकायत सेल, महिला हेल्पलाइन, एलआईयू, साइबर सेल, चालान भुगतने से जुड़े काउंटर पुलिस कार्यालय के बाहर स्थित पार्किंग स्थल में लगवा दिए गए हैं।
ऐसे में समस्या लेकर आने वाले लोगों को पुलिस ऑफिस की तीन मंजिला इमारत में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डीआईजी जोशी ने बताया कि पारस्परिक दूरी का ध्यान रखते हुए लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इस व्यवस्था को लागू करने का मुख्य उद्देश्य लोगों को मध्य सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराते हुए उन्हें एक दूसरे के संपर्क में आने से बचाना है।