फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: उत्तराखंड में सोमवार को मिले 40 पॉजिटिव मरीज, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 357

Tue, 26 May 2020 12:21 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, श्रीनगर
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड में सोमवार को 40 नए कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं। इनमें एक पौड़ी जिले के पाबौ में एक मृतक की सैंपल रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जबकि नैनीताल और हरिद्वार जिले में नौ-नौ नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में संक्रमित मामलों की संख्या 357 पहुंच गई है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार सोमवार को हरिद्वार जिले में नौ संक्रमित मिले हैं। इनमें से रुद्रप्रयाग निवासी 6 लोग मुंबई से श्रमिक एक्सप्रेस से ट्रेन से आए हरिद्वार आए थे, सभी पिरान कलियर में क्वारंटीन थे। इनमें तीन युवक, दो महिलाएं और एक छह साल का बच्चा शामिल है। जबकि अन्य तीन में दो लंढौरा और एक रुड़की निवासी है।

यह भी पढ़ें: कोरोना संक्रमित महिला को मुखाग्नि देने को माचिस तक नहीं मिली, कमरे में कैद हुए पंडित, पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार
विज्ञापन


वहीं नैनीताल जिले में भी सोमवार को नौ संक्रमित मिले हैं। वहीं, देहरादून में मुंबई से आया एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। पौड़ी जिले में तीन संक्रमित मिले हैं। इसमें एक संक्रमित गाजियाबाद और दूसरा गुरुग्राम से आया है। जबकि तीसरे संक्रमित की रिपोर्ट आने से पहले मौत हो चुकी है। चमोली में दो संक्रमित मिले हैं। इनमें दिल्ली से आए थराली निवासी एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

ऊधमसिंह नगर जिले में पांच पॉजिटिव मिले हैं। इनमें मुंबई से आए चार लोग शामिल हैं। वहीं, टिहरी में दस संक्रमित मिले हैं। ये सभी लोग टिहरी के भिलंगना ब्लाक के हैं जो कि हाल ही में मुंबई से लौटे थे। पिथौरागढ़ में एक संक्रमित मिला है। इनमें दो संक्रमित मुंबई से आए थे।

अपर सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि सोमवार को 32 नए संक्रमित मामले मिलने से प्रदेश में 349 संक्रमित मामले हो गए हैं। इसमें 58 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश के सभी 13 जिलों में 267 संक्रमित इलाज के लिए भर्ती है। पूूरे प्रदेश से 1067 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साढ़े तीन हजार से अधिक सैंपल की जांच चल रही है।

सोमवार को आए मामले
हरिद्वार-09
नैनीताल-09
ऊधमसिंह नगर-05
पौड़ी-03
चमोली-02
टिहरी-10
देहरादून-01
पिथौरागढ़-01

उत्तराखंड में कोरोना से नहीं हुई एक भी मौत - मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में कोरोना के कारण लोगों की मौत होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि संक्रमित कुछ लोगों की मौत हुई है। लेकिन वह कोरोना से नहीं हुई है, बल्कि अन्य बीमारियों से हुई है।

कोविड 19 संबंधी कार्यों, आवश्यक्ताओं और तैयारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। मुख्यमंत्री, राज्य मंत्री धन सिंह रावत और स्वास्थ्य एवं वित्त सचिव अमित नेगी के साथ श्रीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां सभागार में उन्होंने प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। 

इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएम रावत ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कोविड 19 से बचाव और कोविड जांच की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महामारी का असर धीरे-धीरे समाज में आएगा। इसलिए सभी को तैयार रहना है।

पौड़ी के मृतक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव, गांव सील

पौड़ी में विकासखंड पाबौ के पिपली गांव में होम क्वारंटीन के दौरात मृत व्यक्ति का कोराना सैंपल पॉजिटिव आया है। प्रशासन ने पूरे गांव को होम क्वारंटीन कर सीज कर दिया गया है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने परिजन, पीएम करने वाली स्वास्थ्य टीम, पंचनामा भरने वाली पुलिस टीम व पंचों का सैंपल जांच के लिए ले लिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग मृतक व्यक्ति की मौत का कारण टीबी बता रहा है।

विकास खंड पाबौ के पीपली गांव में विगत 22 मई को होम क्वारंटीन हो रहे 50 वर्षीय शैलेंद्र चमोली की मौत हो गई थी। तब प्रशासन ने मौत का कारण टीबी की बीमारी बताया था। हालांकि एतिहात के तौर पर मृतक का कोराना सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट अब पॉजीटिव आयी है। होम क्वारंटीन हो रहे मृतक के कोराना पॉजिटिव आने की सूचना पर प्रशासन सहित ग्रामीणों में भी हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य टीमें गांव पहुंची और पूरे गांव को क्वारंटीन कर सीज कर दिया। ग्राम प्रधान शकुंतला देवी ने बताया कि मृतक के संपर्क में गांव के करीब 60 लोग आए थे।

मृतक के परिवार में मां, पत्नी व दो बच्चे हैं। प्रधान शकुंतला ने बताया कि प्रशासन के नियमों के तहत पूरे गांव को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। नायब तहसीलदार रापमाल सिंह रावत ने बताया कि पॉजीटिव आए मृतक के परिजनों, पीएम करने वाली चिकित्सा टीम, पुलिस व पंचों के कोरोना सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। गांव को सीज कर दिया गया है। वहीं सीएमओ डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि मृतक होम क्वारंटीन व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव आया है। हालांकि उसकी मौत टीबी से हुई है।

पुलिस चौकी पाबौ हुई क्वारंटीन
पीपली गांव के मृतक व्यक्ति के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद पूरी पुलिस चौकी पाबौ को क्वारंटीन कर दिया गया है। चौकी में प्रभारी सहित कुल छह जवान तैनात हैं। चौकी प्रभारी अजय कुमार न बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सभी लोग 7 दिनों के लिए क्वारंटीन हो गए हैं। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि पाबौ चौकी में व्यवस्था के लिए अन्य पुलिस कर्मियों को भेजा जा रहा है।
विज्ञापन

गैरसैंण का पज्याणा गांव एक सप्ताह के लिए सील

गैरसैंण ब्लॉक में 10 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने पज्याणा गांव को एक सप्ताह के लिए सील कर दिया है। यहां अब 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी। अब इस गांव का कोई भी व्यक्ति प्रशासन की अनुमति के बिना बाहर नहीं जा सकेगा न ही कोई यहां आ सकेगा। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

गैरसैंण ब्लाक में मिले 10 संक्रमित एक ही गांव के हैं जो दिल्ली से आए थे। इन सभी को जिला अस्पताल गोपेश्वर में आइसोलेट किया गया है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि कोई भी ग्रामीण गांव से बाहर न जाए। सामाजिक दूरी बनाए रखने के साथ ही मास्क जरूर पहनें। इस दौरान थानाध्यक्ष सुभाष जखमोला, नायब तहसीलदार राकेश पल्लव, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी गुरूदीप आर्य, पटवारी लक्ष्मी प्रसाद गैरौला, प्रधान विजय सिंह, मेहरवान, मोहन, केएन जुयाल मौजूद थे।

गांव सैनिटाइज किया
नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों ने पज्याणा गांव को सैनिटाइज किया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मणिभूषण पंत ने कहा कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया है। आवश्यकता पड़ने पर उनके सैंपल भेजे जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें