दिल्ली से लौटने के बाद कलियर के गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किए गए दो विदेशी छात्रों ने खराब सफाई व्यवस्था का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें शांत कराया। सिविल अस्पताल में कोरोना टेस्ट कराने के बाद दोनों को कॉलेज के अलग-अलग कमरों में क्वारंटीन किया गया है। दोनों पर पुलिस और प्रशासन की नजर है।
पुलिस के अनुसार, भगवानुपर थाना क्षेत्र के पुहाना स्थित आरआईटी कॉलेज में नाइजीरिया के छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। बीटेक तृतीय और द्वितीय वर्ष के दो छात्र 30 जून को दिल्ली में अपने परिचित से मिलने गए थे। सोमवार को दोनों पुहाना स्थित आरआईटी कॉलेज गेट पर पहुंचे तो उन्हें अंदर नहीं आने दिया गया। कॉलेज प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को सूचना दी। साथ ही गाइड लाइन का हवाला देते हुए दोनों छात्रों को बाहर क्वारंटीन होने की बात कही। इस पर टीम ने दोनों को कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में क्वारंटीन कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोनों ने गेस्ट हाउस में हंगामा शुरू कर दिया। इस पर गेस्ट हाउस मालिक ने पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। छात्रों ने आरोप लगाया कि गेस्ट हाउस में सफाई की व्यवस्था नहीं है। किसी तरह पुलिस-प्रशासन ने दोनों को शांत किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची और यहां कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। इसके बाद कॉलेज प्रशासन से वार्ता कर देर शाम दोनों को कॉलेज के अंदर एंट्री दिलाई गई। यहां दोनों को अलग-अलग कमरों में क्वारंटीन किया गया है।
दोनों नाइजीरियाई छात्रों का अस्पताल में कोरोना सैंपल लेकर कॉलेज में ही अलग-अलग कमरों में क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों पर नजर रख रही है।
-डॉ. संजय कंसल, सीएमएस सिविल, अस्पताल रुड़की