डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि यूपी के शामली के अरशद चौक निवासी 38 वर्षीय महिला को गत 20 मई को पटेलनगर स्थित एक अस्पताल से रेफर कर दून अस्पताल भर्ती किया गया था। वह सात माह की गर्भवती थी। उसको दस दिन से खांसी की भी दिक्कत थी और लगातार दौरे पड़ रहे थे।
आईसीयू में उपचार के दौरान शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई थी। महिला का कोरोना जांच के लिए सैंपल पहले ही भिजवा दिया गया था। जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। महिला का शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
निरंजनपुर सब्जी मंडी के कोरोना संक्रमित युवा आढ़ती के पिता में भी कोरोना संक्रमण पाया गया है। जिसके बाद उन्हें भी कोरोना संदिग्ध वार्ड से कोरोना पॉजिटिव वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरु रोड निवासी युवा आढ़ती को 19 मई को बुखार होने पर श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 20 को उसका सैंपल लिया गया। 21 को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उसे राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। इसके अलावा पुलिस की मदद से उसके संपर्क में आए लोगों की भी तलाश की गई।
इसे देखते हुए मंगलवार तक मंडी को बंद भी किया गया है। उसके परिवार के सदस्यों को अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया था। साथ ही उसके आसपास के आढ़तियों के सैंपल भी कोरोना जांच के लिए भेज कर उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया था। जिला प्रशासन ने उसी दिन गुरु रोड के एक एरिया को भी कंटेंनमेंट जोन घोषित कर दिया गया था।
इस बीच रविवार सुबह आढ़ती के पिता की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है, जबकि चार आढ़तियों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दून मेडिकल अस्पताल के डिप्टी एमएस एवं कोरोना के स्टेट को-आर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि अस्पताल में रविवार शाम तक 13 कोरोना मरीज भर्ती थे। जिनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार चल रहा है।