कोविड संक्रमितों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को हरिद्वार नगर निगम के पार्षद राजेश शर्मा के पिता सत्यप्रकाश शर्मा और धनौरा गांव के युवक की मौत से खलबली मच गई। दोनों की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और निजी अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा था।
नगर निगम के पार्षद राजेश शर्मा के पिता सत्यप्रकाश शर्मा (74) की तबीयत बीते दो सप्ताह से खराब थी। बहादराबाद के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कोविड जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनको देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
रात एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। उधर, बहादराबाद ब्लॉक के धनौरा गांव निवासी प्रवीण (35) नौ अप्रैल को कोविड जांच में संक्रमित पाए गए थे। उनको इलाज के लिए रुड़की स्थित विनय विशाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को प्रवीण का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा तो डॉक्टरों ने उनको देहरादून में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
देहरादून स्थित एक निजी अस्पताल में रात 8.30 बजे उनकी मौत हो गई। शनिवार को कोविड के प्रोटोकॉल के तहत दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। सीएमओ डॉ. एसके झा का कहना है कि दो संक्रमितों की देहरादून में मौत हुई है। कारणों का पता डेथ ऑडिट के बाद चलेगा।
पार्षद के पिता की मौत पर जताया शोक
पार्षद राजेश शर्मा के पिता सत्यप्रकाश शर्मा के निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, मेयर अनीता शर्मा, शिवालिक नगरपालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, नगर आयुक्त जय भारत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, नेता प्रतिपक्ष सुनील कुमार अग्रवाल, पार्षद दल उपनेता अनिरुद्ध भाटी, नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संयोजक सुरेंद्र तेश्वर, सह संयाजक राजेंद्र श्रमिक आदि ने पार्षद के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।