पूर्व दायित्वधारी व भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने पहाड़ के गांवों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा जताया है। उन्होंने कहा कि मौसम में आ रहे बदलाव और शादियों में शामिल होने के बाद लोग बुखार व जुकाम से पीड़ित हैं। लेकिन कोरोना संक्रमण के भय से जांच कराने नहीं जा रहे हैं। इससे गांवों में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका है। उन्होंने सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने मांग की कि ग्राम प्रधानों आदि के माध्यम से गांवों में बुखार आदि से पीड़ित लोगों की जानकारी जुटा कर टेस्ट अथवा उपचार की प्रक्रिया शुरू करवाई जानी चाहिए। उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे ग्रामीणों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी के लिए प्रत्येक गांव में कम से कम दो-तीन ऑक्सीमीटर और दो-तीन थर्मामीटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कई निजी एम्बुलेंस मालिकों द्वारा मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रख कर लोगों से मनमाने रूपये वसूले जाने की शिकायत की। उन्होंने एंबुलेंस किराया निश्चित करने और उल्लंघन करने की दशा में कठोर कार्रवाई का प्रावधान करने की मांग भी उठाई।
भाजपा नेता ने जिला रुद्रप्रयाग में कोविड रोगियों के लिए कोटेश्वर में स्थापित किए गए हेल्थ केयर सेंटर में रोगियों के लिए भोजन, पानी आदि की समुचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी की। उन्होंने कोविड रोगियों को समय पर समुचित पौष्टिक भोजन इत्यादि की तत्काल स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरुरत पर जोर दिया। स्वास्थ्य सचिव नेगी ने सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।