कोरोना वायरस की जांच (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों की तुलना में पहाड़ों में कोरोना संक्रमण दर ज्यादा है। सात दिनों में सैंपल जांच के आधार पर चार पर्वतीय जिलों की संक्रमण दर 10 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई। जिसमें पौड़ी जिला संक्रमण दर में प्रदेश में पहले स्थान पर है। वहीं, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले की संक्रमण दर 3 से 5 प्रतिशत तक है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी हुई है। मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में सैंपल जांच अधिक होने के साथ ही नए मरीज कम मिल रहे हैं। जबकि पर्वतीय जिलों में मैदान की तुलना में सैंपल जांच कम हो रही है और संक्रमित मामले ज्यादा मिल रहे हैं।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में 44 मरीजों की मौत, 1156 नए संक्रमित मिले, 3039 हुए स्वस्थ
सात दिन के भीतर 13 जनपदों में 2.47 लाख से अधिक सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 14819 नए मरीज मिले हैं। पौड़ी जिले में सबसे अधिक संक्रमण 10.54 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसके साथ ही अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली जिले की संक्रमण दर भी 10 प्रतिशत से ऊपर है। सबसे कम संक्रमण दर हरिद्वार जिले की 2.91 प्रतिशत है। देहरादून की 5.35 प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर की 5.13 प्रतिशत और नैनीताल की 8.75 प्रतिशत संक्रमण दर है।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार को पहाड़ों में कोविड जांच बढ़ाने की आवश्यकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में जांच कम होने के बाद भी संक्रमित मामले अधिक मिल रहे हैं।