उत्तराखंड सरकार ने हर विकासखंड में एक कोविड केयर सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है। साथ ही विकासखंड में एक कंट्रोल रूम भी बनेगा। यह कंट्रोल रूम कोविड केयर सेंटर को मैनपावर उपलब्ध कराएगा। सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने यह जानकारी दी।
उत्तराखंड में कोरोना: पहाड़ों में बढ़ी संक्रमण दर, मैदानों में घटी, चार पर्वतीय जिलों में 20 फीसदी से ज्यादा
वह सोमवार को राज्य सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टेस्टिंग लैब भी हो, जिससे गांव-गांव जाकर लोगों की सैंपलिंग हो सके।
रिकवरी अधिक रखने का रहेगा प्रयास
सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि रविवार को उत्तराखंड में संक्रमण के 4496 मामले थे। वहीं रिकवरी 5034 रही। यह काफी समय बाद हुआ कि संक्रमण से रिकवरी ज्यादा आई है। हमारा यही प्रयास रहेगा कि हम इसी तरह की स्थिति बनाकर रखें।
एक महीने में बढे़ 2600 ऑक्सीजन बेड
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में 2600 ऑक्सीजन बेड, 678 आईसीयू बेड और 192 वेंटिलेटर बढ़ाए गए हैं। एक वर्ष में ऑक्सीजन बेड 673 से 6000 हो गए। आईसीयू बेड 216 से बढ़कर 1495, वेंटिलेटर 116 से 983, ऑक्सीजन सिलिंडर 1193 से 10,000 और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर 275 से बढ़कर 1500 से अधिक हो चुके हैं।
आज आएगी तीसरी ऑक्सीजन ट्रेन
सोमवार को तीसरी ऑक्सीजन ट्रेन 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन लेकर देहरादून पहुंचेगी। इससे पहले जमशेदपुर व दुर्गापुर से आई ट्रेनों में से पहली ट्रेन से 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन, और दूसरी ट्रेन से 100 मीट्रिक टन ऑक्सीजन प्राप्त हुई है। ऑक्सीजन के रिजर्व भी बनाए जा रहे हैं।
हजारों लोगों ने लिया ई संजीवनी का लाभ
सचिव स्वास्थ्य के मुताबिक, एक अप्रैल से अब तक ई-संजीवनी के तहत 26 हजार 900 टेली कम्युनिकेशन किए गए। इसी प्रकार 104 हेल्पलाइन पर 1 लाख 10 हजार से अधिक कॉल्स अटेंड किए गए। कोविड-19 की वेबसाइट के भी 9 लाख विजिटर्स हैं। यहां सारी सूचनाएं उपलब्ध हैं।
ब्लैक फंगस से निपटने को सरकार तैयार
स्वास्थ्य सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने कहा कि हमारा फोकस प्रीवेंशन पर है। ब्लैक फंगस सामान्य रूप से पाया जाता है। इस चुनौती से निपटने के लिए भी राज्य सरकार तैयार है। सरकार इसकी आवश्यक दवाओं का प्रबंध कर रही है।
बच्चों के लिए 25 ऑक्सीजन बेड आरक्षित
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी और ऋषिकेश में बन रहे 500 बेड के अस्पतालों में 25 ऑक्सीजन सपोर्टेड व आईसीयू बेड बच्चों के लिए आरक्षित किए जाएंगे।
27 एफआईआर, 38 गिरफ्तार
आईजी अमित सिन्हा ने बताया कि अब तक 178 टीमों ने 1839 स्थानों पर दबिश दी। जिनमें 27 एफआईआर हुई हैं और 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 204 बरामदगी भी की गई हैं। मास्क न पहनने पर 1 लाख 19 हजार लोगों पर और कोविड के नियमों के उल्लंघन पर कुल 2 लाख 93 हजार लोगों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान 4 करोड़ 71 लाख का शमन शुल्क वसूला गया है।
एक्सपर्ट कमेटी में विशेषज्ञ शामिल
मेेडिकल यूनिवर्सिटी के वॉइस चांसलर की अध्यक्षता में गठित एक्सपर्ट कमेटी में कुछ और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट प्रो. बरोनिया, सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधियों, एक अन्य पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी कमेटी में शामिल दून मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन के हेड के साथ ही स्टेट सर्विलांस ऑफिसर भी इस कमेटी में शामिल किए गए हैं। अब ये सभी इस कमेटी में भी सलाह दे सकते हैं।